Khan Sir FIR News: हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में घिरे चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। खान सर की ओर से उनके वकीलों ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना है।
खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार मउआर ने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और आगे का निर्णय अदालत तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर होगा। गौरतलब है कि शनिवार को ही खान सर के वकीलों ने संकेत दिया था कि वे जल्द ही अग्रिम जमानत के लिए अदालत में याचिका दायर करेंगे। ऐसे में इस याचिका को गिरफ्तारी से बचने की दिशा में खान सर का महत्वपूर्ण कानूनी कदम माना जा रहा है।
वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुआ मामला
खान सर के खिलाफ मामला एक वायरल वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया था। बताया गया कि यह वीडियो 2 जून का है, जिसमें उनके कोचिंग संस्थान में तैनात दो गार्ड फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पटना पुलिस खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट पहुंची और दोनों गार्डों को हिरासत में लिया गया। बाद में कदमकुआं थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों गार्डों ने फायरिंग करने की बात स्वीकार की थी। जांच के दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने खान सर के कहने पर गोली चलाई थी। इसके बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।
एफआईआर के बाद जांच में सहयोग की बात, फिर हुए लापता
एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर ने पुलिस जांच में सहयोग करने की बात कही थी। हालांकि, मामला दर्ज होने के कुछ समय बाद ही वह सार्वजनिक रूप से नजर आना बंद हो गए। पुलिस अब तक उन्हें तलाश नहीं कर सकी है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस उनकी तलाश में कई बार उनके कोचिंग संस्थान भी पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिले। इस बीच यह चर्चा भी रही कि खान सर अदालत में आत्मसमर्पण कर सकते हैं, हालांकि ऐसा नहीं हुआ।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर बढ़ा दबाव
मामले को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन भी देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने एक ओर खान सर की गिरफ्तारी की मांग की, वहीं दूसरी ओर ज्ञान बिंदू जी.एस. एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद की गिरफ्तारी का विरोध भी किया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस पर कार्रवाई को लेकर दबाव लगातार बना रहा।
2 जून की रात क्या हुआ था?
इस विवाद की शुरुआत 2 जून की रात खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट में हुए हमले और तोड़फोड़ की घटना से हुई थी। घटना के दौरान एक गार्ड की कथित रूप से जमकर पिटाई की गई थी।
हमले के बाद मीडिया से बातचीत में खान सर ने दावा किया था कि उन्होंने स्वयं 8 से 10 फायरिंग की आवाजें सुनी थीं। उन्होंने इस हमले के लिए अपने कोचिंग संस्थान के पास स्थित ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी को जिम्मेदार ठहराया था। खान सर का कहना था कि छात्रों से कम फीस लेने के कारण उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।
हालांकि, अगले ही दिन उन्होंने फायरिंग संबंधी अपने बयान से दूरी बना ली। इसके बाद खान कोचिंग सेंटर की ओर से ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने संस्थान के निदेशक रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया था।
वायरल वीडियो से आया नया मोड़
मामले में नया मोड़ तब आया जब दो गार्डों द्वारा फायरिंग किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और घटनाक्रम की गहन पड़ताल शुरू की।
जांच आगे बढ़ने के साथ ही मामला केवल कोचिंग संस्थानों के विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खान सर स्वयं भी जांच के दायरे में आ गए। अब अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत का फैसला इस बहुचर्चित मामले की आगे की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Author: Shivam Verma
Description










