Mathura News: ब्रज क्षेत्र की विश्वप्रसिद्ध लठमार होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। होली पर्व को देखते हुए बरसाना में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में कस्बा बरसाना में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र एवं मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य होली के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करना रहा।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि होली पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, पेयजल आपूर्ति निर्बाध रखने, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा विद्युत व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि बरसाना की लठमार होली देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर स्पष्ट रूट प्लान तैयार कर उसे समय से लागू करने पर जोर दिया, ताकि जाम जैसी समस्याओं से बचा जा सके। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर पंचायत और स्वच्छता से जुड़े विभागों को नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और सार्वजनिक शौचालयों की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, जलकल विभाग को होली के दौरान पेयजल आपूर्ति बाधित न होने देने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया।
बैठक में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने पर भी बल दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि ब्रज क्षेत्र की यह विश्वप्रसिद्ध होली परंपरा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
Author: Shivam Verma
Description











