Maharashtra news : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को बताया कि उनकी सरकार मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में विकास बढ़ाने के लिए रायगढ़ जिले में ‘तीसरी मुंबई’ बना रही है, जो राज्य के आर्थिक विकास में नया मोड़ लाएगा। मुख्यमंत्री ने वर्ली में गोल्डमैन सैक्स के नए ऑफिस का उद्घाटन किया, और इसके बाद निवेशकों के साथ चर्चा करते हुए तीसरी मुंबई के बारे में बात की।
राज्य सरकार प्राइवेट सेक्टर के साथ करेगी विकास
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “राज्य सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ‘तीसरी मुंबई’ के निर्माण के लिए प्राइवेट सेक्टर के साथ मिलकर काम कर रही है। यह नया शहर अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेज, इनोवेशन सेंटर और रिसर्च फैसिलिटी का केंद्र बनेगा, जो मुंबई और महाराष्ट्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा।” उन्होंने यह भी कहा, “गोल्डमैन सैक्स के नए ऑफिस का उद्घाटन महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है। यह राज्य के कुशल कार्यबल, मजबूत बाजार और निवेशक-अनुकूल वातावरण को दर्शाता है, साथ ही वित्तीय क्षेत्र में महाराष्ट्र की नेतृत्व क्षमता को भी सामने लाता है।
सरी मुंबई में रिसर्च और इंफ्रास्ट्रक्चर का होगा जोर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘तीसरी मुंबई’ में क्वांटम कंप्यूटिंग और एआई-बेस्ड सिस्टम जैसे सेक्टर में रिसर्च एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई और ‘तीसरी मुंबई’ के बीच सीधी कनेक्टिविटी होगी, जिसे कोस्टल रोड, अटल सेतु और वर्ली-सिवरी लिंक रोड जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से मदद मिलेगी। नई शहर की विकास प्रक्रिया में प्राइवेट इंवेस्टर्स को आगे आने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सार्वजनिक-निजी भागीदारी से बेहतर विकास संभव है। सभी जरूरी मंजूरी सरकारी स्तर पर तेजी से पूरी की जाएंगी। महाराष्ट्र एक निवेशक-अनुकूल राज्य है और हम अपनी व्यापार सुगमता रैंकिंग में लगातार सुधार कर रहे हैं।
समस्याओं का त्वरित समाधान
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य यह सुनिश्चित कर रहा है कि निवेशकों के रास्ते में कोई रुकावट न हो और अगर कोई समस्या आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा। गोल्डमैन सैक्स के अध्यक्ष केविन स्नीडर ने कहा कि भारतीय बाजार में अवसर कंपनी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। वहीं, गोल्डमैन सैक्स इंडिया के सीईओ संजय चटर्जी ने कहा कि नया ऑफिस कंपनी के भारत में सफर का एक अहम हिस्सा है। गोल्डमैन सैक्स ने 1980 के दशक में भारत में अपनी सेवाएं शुरू कीं और 2006 में मुंबई में पूर्ण स्वामित्व स्थापित किया।
