Barabanki News: बाराबंकी में पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने CEIR पोर्टल (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) की मदद से करीब 21 लाख रुपये कीमत के 105 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्री अर्पित विजयवर्गीय ने आम जनता के गुम हुए मोबाइल फोन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सर्विलांस सेल और सभी थाना स्तर की टीमों को निर्देशित किया था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री विवेक तिवारी के नेतृत्व और सहायक पुलिस अधीक्षक श्री मोहम्मद आफताब आलम के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीमों ने अभियान चलाया।

CEIR पोर्टल से ट्रैक किए गए गुम मोबाइल
प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस टीमों ने CEIR पोर्टल का इस्तेमाल करते हुए तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग की प्रक्रिया अपनाई। इसके जरिए गुम हुए 105 मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है।

04.08.2026 को मालिकों को सौंपे गए मोबाइल
आज दिनांक 04.08.2026 को पुलिस लाइन स्थित सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री विवेक तिवारी ने बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।

खोए हुए मोबाइल फोन और उनमें मौजूद महत्वपूर्ण डाटा वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों ने खुशी जाहिर की और बाराबंकी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
10 माह में 1061 से अधिक मोबाइल किए गए बरामद
बाराबंकी पुलिस के अनुसार, मोबाइल रिकवरी टीम ने पिछले 10 माह के दौरान भी लगातार प्रभावी कार्रवाई की है। इस अवधि में टीम ने 1061 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 02 करोड़ 12 लाख रुपये है। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए हैं।

पुलिस ने नागरिकों से की शिकायत दर्ज कराने की अपील
बाराबंकी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा CEIR पोर्टल पर भी ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज की जा सकती है। CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने और ब्लॉक करने में मदद मिलती है, जिससे उनकी बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल स्वामियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और cybercrime.gov.in के माध्यम से साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही यातायात जागरूकता और यातायात नियमों के संबंध में भी विस्तार से बताया गया।
मोबाइल बरामदगी में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्री अजय सिंह, प्रभारी सर्विलांस सेल जनपद बाराबंकी, हेड कांस्टेबल मजहर अहमद, हेड कांस्टेबल चन्द्रभान, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार, कांस्टेबल प्रवीण शुक्ल, कांस्टेबल अंकुर, कांस्टेबल रवीन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल सुनिधि पाण्डेय, सर्विलांस सेल जनपद बाराबंकी की टीम शामिल रही। इसके अलावा समस्त थानों की CEIR पोर्टल टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।










