World News: रूस के सुदूर कामचटका प्रायद्वीप क्षेत्र में शुक्रवार तड़के भूकंप के तेज झटके दर्ज किए गए, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रूस की विज्ञान अकादमी की भूभौतिकी सेवा के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इस शक्तिशाली भूकंप की तीव्रता 6.9 मापी गई है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस आपदा में किसी भी तरह के बड़े नुकसान या जानमाल की हानि की फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे से मिली जानकारी के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 03:35 बजे ओजर्नोव्स्की इलाके से 76 किलोमीटर उत्तर-पूर्व दिशा में आया था। इस प्राकृतिक आपदा का केंद्र जमीन से करीब 143.2 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भौगोलिक स्थिति के लिहाज से यह हलचल 52.01 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 157.25 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास दर्ज की गई।
रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, झटके इतने तेज थे कि प्रशासनिक केंद्र और आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोग डरकर अपने घरों से बाहर सड़कों पर निकल आए। चश्मदीदों ने बताया कि घरों के अंदर रखे सामान और लाइटें जोर-जोर से हिलने लगी थीं। ये जोरदार झटके करीब एक मिनट तक लगातार महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
गनीमत यह रही कि भूकंप के तुरंत बाद किसी भी प्रकार की सुनामी का खतरा पैदा नहीं हुआ। अमेरिकी नेशनल सुनामी वार्निंग Center ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि इन झटकों के बाद सुनामी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और फिलहाल किसी खतरे की आशंका नहीं है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कामचटका प्रायद्वीप ‘रिंग ऑफ फायर’ नामक बेहद संवेदनशील टेक्टोनिक बेल्ट के अंतर्गत आता है। प्रशांत महासागर के बड़े हिस्से को घेरने वाला यह क्षेत्र दुनिया भर में अपनी लगातार उच्च भूकंपीय गतिविधियों और हॉटस्पॉट के रूप में जाना जाता है, जहां अक्सर ऐसे शक्तिशाली झटके महसूस किए जाते हैं।










