Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 5 जून को जन्मदिन है और इस खास मौके पर वह गोरखपुर में होंगे। अपने जन्मदिन को सादगी के साथ मनाने वाले मुख्यमंत्री इस बार शहर को एक बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। शुक्रवार, 6 जून को वे सूरजकुंड क्षेत्र में गरीब बेटियों की शादी जैसे मांगलिक कार्यों के लिए बनाए गए कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे।
नगर निगम ने 4.52 करोड़ रुपये की लागत से इस कल्याण मंडपम का निर्माण कराया है। इसके लोकार्पण की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
वातानुकूलित हॉल और तमाम सुविधाओं से लैस
करीब 35,500 वर्ग फीट क्षेत्र में फैले इस कल्याण मंडपम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें एक बड़ा एसी हॉल, पांच वातानुकूलित कमरे, डॉरमेट्री, स्नानघर, शौचालय, किचन और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। खास बात यह है कि यहां एक साथ दो अलग-अलग अनुष्ठान व मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
इस मंडपम के निर्माण का उद्देश्य शहर के मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों को कम खर्च में उच्च स्तरीय विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों की सुविधा देना है। कई बार देखा गया है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों की कमी के कारण गरीब बेटियों की शादियों में काफी परेशानियां आती थीं। पार्षद राजेश कुमार ने बताया कि अब इस मंडपम के जरिये वह दिक्कत काफी हद तक दूर हो सकेगी।
दो लाख लोगों को होगा सीधा फायदा
सूरजकुंड कल्याण मंडपम के शुरू होने से आसपास के 10 वार्डों की लगभग दो लाख आबादी को लाभ मिलेगा। इससे पहले नगर निगम द्वारा खोराबार में एक कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया जा चुका है, जबकि मानबेला, मोहरीपुर, राप्तीनगर, बिछिया और नकहा क्षेत्रों में इस तरह के मंडपों का निर्माण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मंडपम के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए स्थल पर जर्मन हैंगर लगाने का काम भी चल रहा है।
नगर निगम की यह पहल न सिर्फ सामाजिक जरूरतों को ध्यान में रखकर की गई है, बल्कि यह एक ऐसा प्रयास है जिससे समाज के उस वर्ग को राहत मिलेगी जो अक्सर विवाह और अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए जगह की कमी और आर्थिक तंगी से जूझता है।

Author: Shivam Verma
Description