Mainpuri News: भोगांव थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को धर दबोचा, जिसमें एक बदमाश को गोली लगने से घायल भी हो गया। यह मुठभेड़ महातिया गांव के पास उस समय हुई जब पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
27 जून को की थी ट्रक ड्राइवर से लूट
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मुठभेड़ उस लूट की घटना से जुड़ी है जो 27 जून की रात करीब 1 बजे घटी थी। उस रात अरमसराय के पास GT रोड पर तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक ट्रक ड्राइवर और उसके कंडक्टर से ₹8,000 नकद और एक एप्पल मोबाइल लूट लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू करवाई। जांच के दौरान तीन संदिग्धों की पहचान हुई — मंजीत यादव, सत्यभान और महातिया धोबी। इन तीनों की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल बदमाश बेवर की ओर से भोगांव की तरफ बढ़ रहे हैं। इस इनपुट पर भोगांव पुलिस ने नगला पति कट के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। जब पुलिस ने महातिया गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की, तो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश मंजीत यादव के पैर में गोली लग गई। घायल मंजीत को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, उसका साथी जनवेद उर्फ देवा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान तीसरा बदमाश मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश अब भी जारी है।











