Jammu and Kashmir: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर विपक्षी दलों द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पूनावाला ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के दर्जे की आड़ में कुछ लोग देश विरोधी एजेंडे को हवा दे रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर आरोप लगाया कि प्रदर्शन के नाम पर ऐसे तत्वों को मंच दिया जा रहा है जो अलगाववाद की भाषा बोलते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर में पहले ही चुनावी प्रक्रिया पूरी कराई जा चुकी है और सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। ऐसे में ‘स्टेटहुड’ की मांग उठाकर वे ‘सेपरेटहुड’ यानी अलगाववाद को बढ़ावा देना चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ उन ताकतों के साथ खड़ा होना चाहता है जो भारत को बांटने की साजिश रच रहे हैं और पाकिस्तानी एजेंटों की तरह काम करते हैं।
पूनावाला ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला द्वारा 20 जुलाई को दिल्ली में बुलाए गए विरोध प्रदर्शन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश की एकता और अखंडता से जुड़े मुद्दों पर राजनीति की जा रही है। भाजपा का मानना है कि यह प्रदर्शन किसी संवैधानिक मांग के लिए नहीं, बल्कि राजनीतिक तुष्टिकरण और अलगाववादी विचारधारा को वैधता देने का एक प्रयास है।
इस मुद्दे के अलावा, शहजाद पूनावाला ने विपक्षी गठबंधन की एकजुटता पर भी तंज कसा। उन्होंने महाराष्ट्र के महाविकास आघाड़ी को ‘महा विचित्र आघाड़ी’ करार देते हुए कहा कि इनके बीच कोई साझा मिशन नहीं है, सिर्फ आपसी मतभेद और कंफ्यूजन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य सहयोगी दल जिस तरह से अपने ही गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं को अपमानित कर रहे हैं, वह उनकी अस्थिर मानसिकता को दर्शाता है।
अंत में, भाजपा प्रवक्ता ने महिला सशक्तिकरण और यूसीसी (समान नागरिक संहिता) पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी सत्ता में है, वहां महिला अधिकारों के लिए काम कर रही है। उन्होंने विपक्ष के इकोसिस्टम पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल अपने वोट बैंक को सुरक्षित रखने के लिए यूसीसी का विरोध कर रहे हैं, जो स्पष्ट रूप से महिला विरोधी मानसिकता को प्रदर्शित करता है।











