Barabanki News: बाराबंकी में ग्रामीणों और पुलिस के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्री अर्पित विजयवर्गीय ने नई पहल शुरू की है। इस पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह बुधवार को जनपद के सभी थानों की एक-एक ग्राम पंचायत में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनना और प्राथमिक स्तर पर उनका निस्तारण कराना है, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हो और पुलिस-जनसंवाद को और प्रभावी बनाया जा सके।

19 अगस्त को सभी थानों की ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई चौपाल
इसी क्रम में 19.08.2026 को बाराबंकी जनपद के सभी थानों की एक-एक ग्राम पंचायत में ग्राम चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों की ओर से भूमि विवाद, पैसों के लेन-देन, चकमार्ग और नाली से संबंधित शिकायतें सामने आईं। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन मामलों को प्राथमिक स्तर पर मौके पर ही निस्तारित कराने की कार्रवाई की। पुलिस की इस पहल और मौके पर समस्याओं के समाधान की कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की।

ग्राम अपराध रजिस्टर में दर्ज मामलों की भी हुई समीक्षा
चौपाल के दौरान बाराबंकी पुलिस ने ग्राम अपराध रजिस्टर में दर्ज विवादित मामलों का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा गांव में शस्त्र धारकों और हिस्ट्रीशीटरों के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।

साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
ग्राम चौपाल में मौजूद ग्रामीणों को चौपाल योजना के महत्व के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ साइबर क्राइम और यातायात जागरूकता के संबंध में भी सतर्क किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से साइबर अपराध से बचाव के लिए सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस की ओर से 1090, 112, 1076, 108 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में स्पष्ट रूप से बताया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीण संबंधित सेवाओं का लाभ उठा सकें।











