Etawah News: समाजवादी पार्टी द्वारा बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम का 92वां जन्मदिवस इस वर्ष विशेष रूप से “बहुजन समाज दिवस अर्थात पीडीए दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन 15 मार्च 2026 को इटावा में किया जाएगा। बुधवार को इटावा स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
साईं कृष्णा गार्डन में होगा भव्य आयोजन
प्रदीप शाक्य बबलू ने बताया कि 15 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से साईं कृष्णा गार्डन (निकट वृंदावन गार्डन) में इस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
कांशीराम के विचारों को बताया प्रेरणास्रोत
प्रेस वार्ता के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने देश में सामाजिक न्याय और बहुजन समाज के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया था। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नेताओं के अनुसार, उनके जन्मदिवस को पीडीए दिवस के रूप में मनाकर समाज के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
पार्टी नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारियों, सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिलाध्यक्षों, जिला कार्यसमिति के पदाधिकारियों, जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों, विधानसभा अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, पूर्व ब्लॉक प्रमुखों, नगर पालिका परिषद के अध्यक्षों व पूर्व अध्यक्षों तथा सभी सभासदों से अपने-अपने साथियों के साथ समय से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
इसके साथ ही पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों, जोन प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी, बीएलए-2 और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व समर्थकों से भी कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
प्रेस वार्ता में मौजूद रहे कई नेता
प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ नेता लाखन सिंह जाटव, पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, उपाध्यक्ष अनवार हुसैन, कोषाध्यक्ष बृजेंद्र यादव, प्रवक्ता विक्की गुप्ता, सचिव प्रवीन कुशवाह, युवजन सभा जिलाध्यक्ष आदित्य गोविंद, भानु गौतम, राजू यादव, नरेंद्र प्रजापति और बल्ले यादव सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Shivam Verma
Description










