Hapur News: जनपद हापुड़ के श्यामपुर गांव में भाजपा नेता और गन्ना समिति हापुड़ के चेयरमैन कुनाल चौधरी से जमीन बेचने के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि रकम देने के बावजूद आरोपियों ने जमीन का बैनामा नहीं कराया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भरोसे का फायदा उठाकर किया सौदा
पीड़ित कुनाल चौधरी के अनुसार वर्ष 2019 में बलजीत सिंह अपने बेटों विमल कुमार उर्फ बबली और बादल सिंह के साथ उनके पास आए थे। उन्होंने आर्थिक मजबूरी का हवाला देते हुए एक बीघा खेती की जमीन बेचने की बात कही। पुरानी पहचान और आपसी भरोसे के चलते दोनों पक्षों के बीच 28 लाख रुपये में जमीन का सौदा तय हुआ।
कुनाल चौधरी ने बताया कि मई 2019 में 6 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर के माध्यम से दिए गए, जबकि जून 2019 में शेष 22 लाख रुपये नकद दिए गए थे। इस लेन-देन के दौरान गांव के परिचित बिजेंद्र सिंह और मोहित भी मौजूद थे। आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि फसल कटने के बाद अगले महीने जमीन का बैनामा कर दिया जाएगा।
बैनामा टालते रहे आरोपी
समय बीतने के बावजूद आरोपियों ने जमीन का बैनामा नहीं कराया और लगातार बहाने बनाकर मामले को टालते रहे। बाद में जानकारी मिली कि आरोपियों ने उसी जमीन के नाम पर अन्य लोगों से भी पैसे लिए और कुछ मामलों में रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी कर लिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित के मुताबिक, 19 अप्रैल 2025 को जब वह अपने पैसे वापस मांगने के लिए आरोपियों के पास पहुंचे तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विमल कुमार ने डंडे से जानलेवा हमला करने की कोशिश की, हालांकि कुनाल चौधरी और उनके भाई किसी तरह वहां से सुरक्षित निकल गए। आरोपियों ने उन्हें धमकी देते हुए वहां से भगा दिया।
एक आरोपी विदेश फरार
कुनाल चौधरी ने बताया कि विमल कुमार पहले भी जेल जा चुका है, जबकि बादल सिंह पैसे लेने के बाद विदेश, इटली फरार हो गया है। इस वजह से पीड़ित को न्याय मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
थाना हापुड़ देहात प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि बलजीत सिंह, विमल कुमार और बादल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shivam Verma
Description










