Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026’ के अंतर्गत मंगलवार को कानपुर देहात जनपद में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। झींझक क्षेत्र के विद्यालयों से लेकर अकबरपुर स्थित डिग्री कॉलेज तक परिवहन विभाग ने विभिन्न आयोजनों के माध्यम से आमजन और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
कुंतलिया में छात्र बने सड़क सुरक्षा के प्रहरी
झींझक विकासखंड के श्री ज्वाला देवी ज्ञानदा इंटर कॉलेज, कुंतलिया में भव्य जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) कानपुर मंडल राकेन्द्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और परिवार व समाज में सुरक्षित यातायात की आदतें विकसित कराने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। उन्होंने बिना हेलमेट वाहन न चलाने, गति सीमा के पालन, लेन अनुशासन और जेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग के महत्व पर विशेष जोर दिया।
NCC कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक और रैली से जगाई अलख
संगोष्ठी के दौरान 59 एवं 103 बटालियन के एनसीसी कैडेट्स ने ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ विषय पर प्रभावशाली मॉक ड्रिल और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के माध्यम से दुर्घटनाओं के कारण और उनसे बचाव के उपायों को जीवंत रूप में दर्शाया गया। इसके पश्चात परिवहन अधिकारियों के नेतृत्व में जन-जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
अधिकारियों ने दिए सुरक्षा मंत्र, दिलाई शपथ
एआरटीओ (प्रवर्तन) सोमलता यादव ने ट्रैफिक सिग्नल—रेड, ग्रीन और यलो—के सही पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा वाहन के अनिवार्य दस्तावेज साथ रखने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नवीन कुमार दीक्षित ने किया। इस अवसर पर एआरटीओ प्रशासन प्रशांत तिवारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य राम कुमार पाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) झींझक में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में प्रवर्तन अधिकारियों ने शिक्षकों और छात्रों से संवाद किया। यहां राहवीर योजना–2025 और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम–2025 की विस्तृत जानकारी दी गई तथा संबंधित लीफलेट्स का वितरण किया गया।
राजकीय महाविद्यालय में रचनात्मकता के जरिए सुरक्षा का संदेश
राजकीय महाविद्यालय, अकबरपुर में सड़क सुरक्षा को युवाओं की रचनात्मकता से जोड़ा गया। यहां चित्रकला, भाषण, रील मेकिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यात्री एवं मालकर अधिकारी स्मिता वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रमों में विशिष्ट अतिथि अनूप सचान, एएनओ वीर सिंह पाल, सुरेश शर्मा, धीरेन्द्र, सेवाराम कुशवाहा, बाबू सिंह, शिव कुमार सहित परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Author: Shivam Verma
Description











