Raebareli News: अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के आखिरी कार्यक्रम में Rahul Gandhi ने केंद्र की Narendra Modi सरकार पर तीखा हमला बोला। रोहनियां ब्लॉक के ऊमरन गांव में आयोजित मनरेगा बचाओ चौपाल में बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार Adani Group को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मनरेगा को कमजोर करना चाहती है।
राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार गरीबों को सशक्त करने के बजाय उन्हें भूखा देखना चाहती है। उनके अनुसार मनरेगा का नाम बदलना मुख्य मुद्दा नहीं है, असली चोट गरीबों के संरक्षण और लोकतांत्रिक जड़ों पर की जा रही है। उन्होंने मनरेगा को गरीबों की ढाल बताते हुए कहा कि यह सिर्फ किसी नाम का सवाल नहीं, बल्कि आजीविका और सम्मान से जुड़ा विषय है। सांसद ने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में मनरेगा बचाने के लिए आंदोलन जारी रखेगी।
विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
दौरे के दौरान Raebareli में सांसद निधि से कराए गए कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। राहुल गांधी ने भुवेमऊ गेस्ट हाउस में सांसद निधि से पूर्ण हो चुके 31 कार्यों का लोकार्पण किया, जिनकी कुल लागत करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई। इसके साथ ही आठ नए कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिन पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। ये कार्य पूर्ण होने के बाद जनता को समर्पित किए जाएंगे।

इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। यूथ स्पोर्ट्स अकादमी रायबरेली द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने टॉस उछालकर मैच की शुरुआत कराई, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय मुलाकातें और वापसी

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुघ्न सोनकर के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके परिवार से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद ऊंचाहार के उमरान गांव में चौपाल कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने पर वे सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
Author: Shivam Verma
Description











