Santkabirnagar News: जनपद के थाना बखिरा क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला पठान टोला में दबंगों द्वारा किए गए एक क्रूर हमले ने पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। गांव के ही कुछ लोगों ने एक असहाय परिवार को निशाना बनाते हुए न केवल मां-बेटी पर जानलेवा हमला किया, बल्कि घर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और पालतू जानवर की बेरहमी से हत्या कर दी।
पीड़िता अफसाना खातून ने थाने में दी गई लिखित तहरीर में बताया कि यह घटना 18 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे की है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिरोज अहमद, अफरोज (पुत्र यासीन), आसमा खातून और रिजवाना खातून कुल्हाड़ी और लाठियों से लैस होकर पूर्व नियोजित साजिश के तहत उनके घर में घुस आए। इसके बाद आरोपियों ने अफसाना खातून और उनकी पुत्री रुअफसा खातून को बेरहमी से पीटा।
हमले में मां-बेटी दोनों को गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं। पीड़िता के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने युवती के कपड़े फाड़ दिए और अभद्रता भी की। इसके अलावा हमलावरों ने घर में खड़ी मोटरसाइकिल, टिल्लू पंप और हैंडपंप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना का सबसे वीभत्स पहलू तब सामने आया जब आरोपियों ने घर के पालतू जानवर को भी नहीं बख्शा और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। अफसाना खातून का कहना है कि उनके पति और पुत्र इस समय न्यायिक हिरासत में हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लंबे समय से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
हमले के बाद आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। इस घटना के बाद मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग आक्रोश जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं।
Author: Shivam Verma
Description










