Unnao News: भाजपा के तेज़तर्रार नेता और उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर अपने बयान से सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। इस बार उन्होंने विपक्ष के प्रमुख नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा है। अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए साक्षी महाराज ने राहुल गांधी के उस बयान का पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि संविधान खतरे में है।
साक्षी महाराज ने तीखे शब्दों में कहा, “राहुल गांधी राजनीति में पप्पू हैं, उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता।” उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान को असल में कांग्रेस ने ही कमजोर किया है। महाराज ने कहा, “जिन्होंने 70 साल तक देश पर राज किया, वही आज सवाल उठा रहे हैं।”
भाजपा सांसद यहीं नहीं रुके। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास पर भी कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी के दादा-दादी ने देश का विभाजन कराया, वे देश के दुश्मन थे। कश्मीर की समस्या और हिंदू-मुस्लिम राजनीति कांग्रेस की ही देन है।” साक्षी महाराज ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने बार-बार संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के 70 साल और मोदी जी के 11 साल बराबर हैं। विकास और राष्ट्रहित के लिए मोदी सरकार ने जो किया, वो अभूतपूर्व है।”

Author: Shivam Verma
Description