उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से वफादारी और बहादुरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पालतू लैब्राडोर कुत्ते ने अपनी जान की परवाह किए बिना खूंखार तेंदुए से लोहा लिया। निघासन इलाके के मंझरा पूरब गांव में हुई इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हर कोई इस कुत्ते के साहस की तारीफ कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार तड़के करीब चार बजकर पांच मिनट की है, जब चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था। गुरुसाहेब सिंह का पूरा परिवार अपने घर में गहरी नींद में सो रहा था, तभी अचानक एक खूंखार तेंदुआ दबे पांव उनके घर के आंगन में दाखिल हो गया। तेंदुए ने कुछ दूर तक चलने के बाद चारों तरफ नजर दौड़ाई और अपने अगले शिकार की तलाश में आगे बढ़ने लगा।
ठीक उसी समय परिवार के पालतू लैब्राडोर कुत्ते की नजर उस खतरनाक मेहमान पर पड़ गई। आमतौर पर जंगली जानवरों को देखकर पालतू जानवर छुप जाते हैं, लेकिन इस वफादार कुत्ते ने मौत से सीधे आंखें मिला लीं। वह बिना एक पल गंवाए अपनी जगह पर डट गया और जोर-जोर से भौंकने लगा। कुत्ते के अचानक हुए इस आक्रामक विरोध से खूंखार तेंदुआ भी कुछ पलों के लिए सहम गया।
कुत्ता इतने पर ही नहीं रुका, उसने अपनी पैतृक प्रवृत्ति और वफादारी का परिचय देते हुए तेंदुए पर सीधा हमला बोल दिया और उस पर लगातार भौंकता रहा। अपनी जान की बाजी लगाते हुए उस लैब्राडोर ने अकेले ही तेंदुए को करीब 50 मीटर तक दौड़ाया और अंततः उसे घर के मुख्य दरवाजे से बाहर खदेड़कर ही दम लिया।
कुत्ते के लगातार भौंकने और चीखने की आवाज सुनकर घर के तमाम सदस्य नींद से जाग गए। जब उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला, तो उनके रोंगटे खड़े हो गए कि कैसे उनके पालतू कुत्ते ने घर की रक्षा के लिए एक खतरनाक तेंदुए को खदेड़ दिया था। यह वीडियो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस लैब्राडोर की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।










