साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और राजनेता पवन कल्याण इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में बने हुए हैं. हाल ही में आई खबरों के मुताबिक, पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं और तलाक लेने का फैसला किया है. इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस काफी हैरान हैं और उनकी लव लाइफ एक बार फिर से सुर्खियों में छा गई है.
पवन कल्याण की शादीशुदा जिंदगी का इतिहास काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. अन्ना लेझनेवा से पहले भी पवन की दो शादियां हो चुकी थीं, जो किसी न किसी वजह से टूट गईं. उनकी पहली शादी साल 1997 में नंदिनी नाम की महिला से हुई थी जो कि एक अरेंज मैरिज थी. हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में व्यस्त होने और आपसी दूरियों के कारण साल 1999 में ही दोनों अलग रहने लगे थे, लेकिन उनका कानूनी तलाक काफी समय बाद साल 2008 में जाकर फाइनल हुआ था.
पहली पत्नी से अलग रहने के दौरान पवन कल्याण की नजदीकियां एक्ट्रेस रेणु देसाई के साथ बढ़ीं. दोनों ने कुछ सालों तक लिव-इन में रहने का फैसला किया और साल 2004 में उनके पहले बच्चे का जन्म हुआ. इसके बाद साल 2009 में पवन ने रेणु देसाई से आधिकारिक तौर पर शादी कर ली, लेकिन उनका यह रिश्ता भी लंबे समय तक टिक नहीं पाया और साल 2012 में दोनों का आपसी मतभेदों के चलते तलाक हो गया.
रेणु देसाई से रिश्ता टूटने के बाद पवन कल्याण की जिंदगी में रूसी मॉडल और अभिनेत्री अन्ना लेझनेवा की एंट्री हुई. दोनों की मुलाकात साल 2011 में एक फिल्म के सेट पर हुई थी, जिसके बाद दोनों में प्यार हुआ और साल 2013 में उन्होंने शादी कर ली. अन्ना सिंगापुर में एक बड़ी होटल चेन की मालकिन हैं और उनके पास करोड़ों की संपत्ति है. अब अन्ना और पवन के अलग होने के बाद उनके फैंस इस बात से दुखी हैं कि अभिनेता की एक और शादी टूट चुकी है.










