Home » राजस्थान » मोदरान में मौत बनकर गिरा ट्रांसफार्मर का तार! बाल-बाल बची रूट बस और राहगीर, लोगों में भारी गुस्सा

मोदरान में मौत बनकर गिरा ट्रांसफार्मर का तार! बाल-बाल बची रूट बस और राहगीर, लोगों में भारी गुस्सा

Facebook
X
WhatsApp

जालोर जिले के मोदरान कस्बे में रेलवे स्टेशन मार्ग पर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने मुख्य सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर का तार अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस वक्त सड़क से गुजर रहे पैदल राहगीर और मुख्य रूट की सवारी बस इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गहरा रोष है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

कस्बे के व्यस्त रेलवे स्टेशन मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने लगे ट्रांसफार्मर का तार तेज आवाज के साथ टूटकर मुख्य सड़क पर आ गिरा। यह इलाका काफी भीड़भाड़ वाला है, लेकिन अच्छी बात यह रही कि तार किसी के ऊपर नहीं गिरा, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

पैदल राहगीर और सवारी बस बाल-बाल बचे

घटना के वक्त मौके से गुजर रहे प्रत्यक्षदर्शी पुखराज सिंह राजपुरोहित ने बताया कि वे पैदल ही सड़क पर जा रहे थे, तभी अचानक उनके ठीक सामने जोर की आवाज के साथ बिजली का तार टूटकर गिरा। उन्होंने कहा कि भगवान का शुक्र है कि तार उन पर नहीं गिरा, वरना जान जा सकती थी। ठीक उसी समय पीछे से मुख्य रूट की एक सवारी बस भी आ रही थी, जो ऐन वक्त पर इसकी चपेट में आने से बच गई।

लोगों के मुताबिक, जिस जगह यह हादसा टला, उसके ठीक सामने स्कूल है। साथ ही पास में कंप्यूटर सेंटर, मेडिकल स्टोर और कई दूसरी दुकानें भी हैं, जिसके चलते यहां दिनभर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी आवाजाही लगी रहती है।

शिकायतों के बावजूद नहीं हटा ट्रांसफार्मर

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैतान सिंह कबावत ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि स्कूल के मेन गेट और आम रास्ते पर लगा यह ट्रांसफार्मर लंबे समय से गंभीर खतरा बना हुआ है। स्कूल में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए बिजली विभाग को कई बार लिखित और मौखिक रूप से इसे किसी दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन विभाग ने आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

फॉल्ट और स्पार्किंग से बना रहता है खतरा

स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर बेतरतीब तरीके से लगे इस ट्रांसफार्मर में आए दिन फॉल्ट, ट्रिपिंग, स्पार्किंग और तार टूटने की समस्या होती रहती है। इससे हर वक्त जान-माल के नुकसान का डर बना रहता है। नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना इस ट्रांसफार्मर को तुरंत यहां से हटाया जाए और जर्जर तारों को दुरुस्त किया जाए। रिपोर्ट: योगेंद्र कुमार भट्ट (सम्राट न्यूज़ टीवी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें