ओडिशा के प्रसिद्ध पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार को लेकर एक बहुत ही बड़ी अपडेट सामने आई है. बारहवीं सदी के इस ऐतिहासिक मंदिर के खजाने की गिनती का काम इन दिनों बहुत ही सावधानी के साथ किया जा रहा है. मंदिर के इस बहुमूल्य रत्न भंडार में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे अनमोल रत्न मौजूद हैं.
मंदिर प्रशासन की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, रत्न भंडार की इन्वेंट्री का काम 100 घंटे के आंकड़े को पार कर चुका है. पिछले 19 दिनों के दौरान कुल 103 घंटे और 50 मिनट तक यह बेहद संवेदनशील काम किया गया है. हालांकि, इतने लंबे समय तक चली प्रक्रिया के बाद भी अभी रत्न भंडार के भीतर रखे तीन बड़े लकड़ी के संदूक खोले जाने बाकी हैं.
आपको बता दें कि जगन्नाथ मंदिर के इस खजाने की पिछली इन्वेंट्री साल 1978 में हुई थी. अब करीब 48 साल बाद इस ऐतिहासिक काम को दोबारा शुरू किया गया है ताकि मंदिर की संपत्ति का सटीक और आधुनिक रिकॉर्ड तैयार किया जा सके. इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं बरती जा रही है, क्योंकि पांच दशकों के बाद हो रहे इस मिलान में एक छोटी सी चूक भी भारी पड़ सकती है.
एक-एक आभूषण की जांच में लगभग एक घंटे का समय लग रहा है क्योंकि गहनों में जड़े हीरों, मोतियों और अन्य रत्नों की सही पहचान करना बेहद जरूरी है. इसके लिए विशेष रूप से अनुभवी जेमोलॉजिस्ट और विशेषज्ञों की टीम को लगाया गया है जो वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और थ्री-डी मैपिंग के जरिए हर एक वस्तु का बारीकी से ब्योरा तैयार कर रहे हैं.
प्रशासन का कहना है कि रत्न भंडार का भीतरी कमरा आकार में ज्यादा बड़ा नहीं है, जिस वजह से बड़े संदूकों को वहीं खोलना मुश्किल हो रहा है. नियमों के मुताबिक खजाने का कोई भी सामान बाहर नहीं ले जाया जा सकता, इसलिए विशेष अनुमति के तहत संदूकों का सामान रत्न भंडार के ही भीतर स्थित दूसरे कमरे में ले जाकर जांचा जाएगा. मंदिर के इस ऐतिहासिक कार्य के दौरान भी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है.










