Lucknow News: इस बार होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और अराजकता से निपटने के लिए CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जाएगी।
संवेदनशील स्थानों पर रखी जाएगी कड़ी निगरानी
उत्तर प्रदेश के डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि जिन स्थानों पर पहले विवाद हो चुके हैं, वहां वरिष्ठ अधिकारी खुद जाकर निरीक्षण करेंगे। इन इलाकों में सुरक्षा के लिए विशेष टीमों की तैनाती की जाएगी। होलिका दहन और होली के दौरान पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।
CCTV और ड्रोन से होगी सुरक्षा निगरानी
त्योहार के दौरान संवेदनशील इलाकों में पुलिस ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी की मदद से लगातार निगरानी करेगी। इसके अलावा, फायर ब्रिगेड के वाहन भी तैयार रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। अराजक तत्वों पर पहले से ही नजर रखने और आवश्यक होने पर निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्विक रिस्पांस टीमों को किया गया एक्टिव
होली के दिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह से सक्रिय किया गया है। सभी थानों, चौकियों और बीट पुलिसकर्मियों को पूरी तरह अलर्ट और तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध शराब पर सख्ती, अस्पतालों को किया गया अलर्ट
होली के दौरान अवैध और जहरीली शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आबकारी विभाग के साथ मिलकर छापेमारी की कार्रवाई तेज की जाएगी। इसके अलावा, अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
शांति और सौहार्द के लिए पुलिस की अपील
उत्तर प्रदेश पुलिस ने सभी धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की है ताकि होली और जुमा का यह संयोग शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











