Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण इटौंजा थाना क्षेत्र में देखने को मिला। बुधवार तड़के, थाने के ठीक सामने स्थित एक ज्वैलरी शॉप में चोरों ने शटर तोड़कर लाखों की ज्वैलरी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इटौंजा थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित ‘मां दुर्गा ज्वैलर्स’ के मालिक सत्यम शर्मा के अनुसार, चोरी की घटना बुधवार तड़के हुई। जब वे दुकान पहुंचे तो शटर टूटा हुआ पाया। चोरों ने वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को पहले ही तोड़ दिया गया, जिससे उनकी पहचान न हो सके।
दुकान मालिक ने बताया कि चोर दुकान से लगभग 3 किलो चांदी के जेवर और 30 ग्राम सोने के गहने चोरी कर ले गए। इसके अलावा, एक अलग बॉक्स में रखी सोने की अंगूठी और 8 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि दुकान मालिक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, वहीं मुखबिर व सर्विलांस टीम की मदद से चोरों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात ने लखनऊ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर रात गश्त करने और अपराध पर लगाम लगाने के दावे करती है, लेकिन अपराधी बेखौफ होकर थाने के सामने ही चोरी की घटना को अंजाम देने में सफल रहे। यह घटना स्थानीय व्यापारियों के लिए भी चिंता का विषय बन गई है।











