Hapur News: जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत परतापुर रोड स्थित वैष्णो मंदिर के पास मंगलवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां डीजे कंपीटिशन को लेकर पुराने विवाद में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी: पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
घटना के संबंध में वैष्णो मंदिर निवासी आकाश ने बताया कि उसका बड़ा भाई विकास डीजे बजाने का कार्य करता है। चार दिन पहले किसी गांव में डीजे का कंपीटिशन आयोजित हुआ था, जिसमें विकास का डीजे हिस्सा ले रहा था। उसी प्रतियोगिता में एक अन्य डीजे ऑपरेटर की हार हुई थी। बताया जा रहा है कि हार का बदला लेने की नीयत से यह हमला किया गया।
मंगलवार की रात करीब आधा दर्जन युवक एक कार में सवार होकर वैष्णो मंदिर पहुंचे। उन्होंने विकास को बाहर बुलाया और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने विकास से मारपीट की। जब विकास के पिता रामौतार उसे बचाने के लिए आगे आए, तो हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियों की चपेट में आए दो लोग
फायरिंग की इस घटना में विकास के पिता रामौतार और पड़ोस में रहने वाले सुंदर फौजी को गोली लगी। दोनों को परिजन गंभीर हालत में पास के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद परतापुर रोड पर हड़कंप मच गया। लोगों में डर का माहौल है और सभी इस तरह की वारदात को लेकर चिंतित हैं। घायलों के परिजनों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
इस मामले में पिलखुवा सर्किल की सीओ अनीता चौहान ने बताया कि विकास की तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











