Auraiya News: औरैया जिले में मोबाइल लूट के आरोप में गिरफ्तार तीन बदमाशों की पुलिस अभिरक्षा में ली गई एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस वायरल फोटो ने न केवल कानून व्यवस्था बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर इंस्टाग्राम पर ‘देवेंद्र गौतम’ नामक आईडी से पोस्ट की गई है, जिसमें एक गाने के साथ आरोपियों को ‘स्टाइलिश अपराधी’ के रूप में दिखाने की कोशिश की गई है।
अपराध का महिमामंडन बना चिंता का विषय
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अपराध को आकर्षक रूप में प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति पर लोगों में गहरी चिंता देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे पोस्ट समाज में गलत संदेश फैलाते हैं और अपराध को ‘हीरोइज्म’ के रूप में पेश करने की प्रवृत्ति युवाओं को भटका सकती है।
पुलिस ने की जांच शुरू
पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि तस्वीर कब और किसने ली, और इसे सोशल मीडिया तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका रही। पूरे मामले की तकनीकी जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तस्वीर को वायरल करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाएगी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











