Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » UP Weather Update: जेठ में सावन जैसा मौसम, यूपी के 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

UP Weather Update: जेठ में सावन जैसा मौसम, यूपी के 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Facebook
X
WhatsApp

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मई की भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सामान्य दिनों की तुलना में काफी सुहावना बना हुआ है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 45 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

कई जिलों में तापमान सामान्य से 11 डिग्री तक कम

बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली। मंगलवार को बाराबंकी में प्रदेश का सबसे कम अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कानपुर 29.4 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इन दोनों जिलों में तापमान सामान्य से करीब 11 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ और आगरा में भी मौसम ने नया रिकॉर्ड बनाया। दोनों शहरों में मई महीने का दूसरा सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।

बाराबंकी के फतेहपुर में सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। बाराबंकी के फतेहपुर क्षेत्र में सबसे अधिक 72 मिमी वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा सिद्धार्थनगर में 66 मिमी, अंबेडकरनगर में 42 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश के साथ तेज हवाओं ने भी असर दिखाया। बहराइच और बलरामपुर में हवा की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। वहीं गोरखपुर में 81 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलीं, जिससे कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बुधवार और बृहस्पतिवार तक बारिश का दायरा सीमित होकर तराई और दक्षिणी जिलों तक रह जाएगा। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों में तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

लखनऊ में मई का दूसरा सबसे ठंडा दिन

राजधानी लखनऊ में भी मौसम परिवर्तन का व्यापक असर देखने को मिला। पिछले तीन दिनों से जारी हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 11.4 डिग्री कम रहा। यह मई महीने का दूसरा सबसे ठंडा दिन माना गया। इससे पहले 29 मई 2021 को यहां 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री घटकर 20.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें