Hapur News: हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में धार्मिक स्थल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गढ़ कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित प्राचीन श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के संचालक ने कुछ लोगों पर रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और मंदिर की आय में हिस्सा मांगने का आरोप लगाया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर की दान पेटी और कृषि भूमि की आय में हिस्सा मांगने का आरोप
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा से जुड़े स्वामी सूर्यानंद गिरी महाराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के संचालक हैं। मंदिर परिसर में मंशा गिरी महाराज भी निवास करते हैं।
तहरीर के अनुसार खिलवाई गांव निवासी गजेंद्र त्यागी पिछले कई महीनों से अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मंदिर पहुंच रहा था। आरोप है कि वह मंदिर में आने वाले चढ़ावे, दान पात्र और मंदिर से जुड़ी कृषि भूमि से होने वाली आय में हिस्सा मांग रहा था। विरोध करने पर लगातार धमकियां दी जाने लगीं।
“हर साल पांच लाख रुपये दो, नहीं तो जान से मार देंगे”
मंदिर संचालक ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने साफ तौर पर हर साल पांच लाख रुपये देने की मांग की। तहरीर में कहा गया है कि रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
लगातार मिल रही धमकियों और भय के माहौल के कारण मंदिर संचालक ने आरोपी को एक लाख रुपये दे दिए। हालांकि आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपी नहीं रुके और बाकी चार लाख रुपये की मांग करने लगे। इसके साथ ही भविष्य में भी लगातार रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था।
स्वामी सूर्यानंद गिरी महाराज ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों की धमकियों से बेहद डरे हुए हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
एफआईआर में आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी उल्लेख
एफआईआर में दावा किया गया है कि आरोपी गजेंद्र त्यागी का आपराधिक इतिहास रहा है। तहरीर के मुताबिक वह वर्ष 1988 के मेरठ मर्डर केस में आजीवन कारावास की सजा पा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। इसके अलावा आरोपी पर आगजनी और अन्य मामलों में भी मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मंदिर से जुड़े मामले के बाद इलाके में बढ़ी चर्चा
धार्मिक स्थल से जुड़ा मामला सामने आने के बाद पूरे गढ़ क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मंदिर संचालक ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।
घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। वहीं पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपियों का कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गढ़ सर्किल की सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मंदिर संचालक की तहरीर के आधार पर गजेंद्र त्यागी और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shivam Verma
Description










