UP Weather: उत्तर प्रदेश का बांदा जिला इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को बांदा का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके बाद यह देश का सबसे गर्म शहर बन गया। मौसम विभाग ने हीटवेव और भीषण लू की चेतावनी जारी करते हुए बांदा को रेडजोन में शामिल किया है।
भीषण गर्मी के कारण शहर में स्वघोषित बंद जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है और बाजारों में कर्फ्यू जैसा माहौल नजर आ रहा है। झुलसाने वाली धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है।
लगातार बढ़ रहा तापमान, दो दिन और बढ़ेगी गर्मी
बांदा में पिछले दो दिनों से तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार को पारा 48 डिग्री पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। हीटवेव और तेज लू की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रेडजोन घोषित होने के बाद शहर में स्कूल, कॉलेज और बाजारों पर इसका सीधा असर दिखाई दे रहा है। लोग सुबह के समय जरूरी काम निपटाकर घरों में कैद हो रहे हैं। दिन के समय शहर की प्रमुख सड़कें भी लगभग खाली नजर आ रही हैं।
सुबह 10 बजे तक ही खुल रहे बाजार
भीषण गर्मी का असर बाजारों और दैनिक कामकाज पर साफ दिखाई दे रहा है। दुकानदार सुबह 6 बजे से 10 बजे तक ही दुकानें खोल रहे हैं। इसके बाद बाजारों में ग्राहक न आने के कारण दुकानें बंद हो जा रही हैं।
मजदूर वर्ग भी गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। मजदूर सुबह 7 बजे से काम शुरू कर 10 या 11 बजे तक काम कर रहे हैं। इसके बाद दोपहर की तेज गर्मी में लंबा ब्रेक लेने के बाद शाम 3 या 4 बजे दोबारा काम पर लौट रहे हैं।
स्कूलों में अवकाश घोषित
हीटवेव अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। बीएसए बीके शर्मा ने सोमवार देर शाम आदेश जारी करते हुए सभी जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया था।
प्रशासन का कहना है कि बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है।
रोडवेज सेवाओं पर भी पड़ा असर
बढ़ते तापमान का असर रोडवेज सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही यात्रा कर रहे हैं, जिससे यात्रियों की संख्या में कमी आई है। बांदा डिपो के एआरएम डीके चौबे के अनुसार, पहले रोडवेज की एक दिन की आय करीब 22 लाख रुपये थी, जो अब घटकर 21 लाख रुपये रह गई है। उन्होंने बताया कि तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में लोड फैक्टर में और गिरावट आ सकती है।
जिला अस्पताल में मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रचंड गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस के कुमार ने बताया कि वार्डों में एसी की व्यवस्था की गई है ताकि मरीजों को राहत मिल सके। इसके अलावा ट्रामा सेंटर में कूलर लगाए गए हैं, जिससे गर्मी से राहत देने की कोशिश की जा रही है।
Author: Shivam Verma
Description










