Delhi News: राजधानी दिल्ली से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में चोरी की कोशिश के आरोप में पकड़े गए 25 वर्षीय युवक को भीड़ ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया जा सकता है।
मंगलवार सुबह कंझावला इलाके में हुई घटना
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्थानीय लोगों ने युवक को एक घर में चोरी करने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान युवक कथित तौर पर आक्रामक हो गया और उसने पास में पड़ी एक ईंट से एक व्यक्ति के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई।
लाठियों और डंडों से किया हमला
पुलिस को मारपीट की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर गहरी चोटों के निशान थे और काफी खून बह रहा था। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे, जिनके हाथों में लाठियां और डंडे थे। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, युवक को कथित तौर पर बांध दिया गया था और उसके बाद लाठियों, लातों और घूंसों से बुरी तरह पीटा गया। इसी पिटाई के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
मौके से मिले कई वीडियो, जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि क्राइम और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए हैं। पुलिस को मौके से कई मोबाइल फोन वीडियो भी मिले हैं, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। अब तक दो नाबालिगों समेत आठ स्थानीय निवासियों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई कथित लाठियां भी जब्त कर ली हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले समय में इस मामले में और लोगों को हिरासत में लिया जा सकता है।
Author: Shivam Verma
Description










