Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने सोशल मीडिया और पर्सनल ब्लॉग के जरिए हमेशा फैंस से जुड़े रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने लेटेस्ट ब्लॉग में कुछ ऐसा साझा किया है, जिसने उनके चाहने वालों की चिंता बढ़ा दी है। बिग बी ने अपने लेख में अस्पताल, सर्जरी और आईसीयू (ICU) जैसे गंभीर शब्दों का इस्तेमाल किया है, जिससे सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। हालांकि, अभिनेता ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह उनका निजी अनुभव है या किसी अन्य संदर्भ में लिखा गया लेख है।
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने संघर्ष और वापसी की बात करते हुए लिखा कि अस्पताल के कठिन दौर और सर्जरी के बाद घर वापसी का समय मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने जीवन के संघर्षों पर चर्चा करते हुए कहा कि जो व्यक्ति इन मुश्किल परिस्थितियों का डटकर सामना करता है, वही असली चैंपियन है। बिग बी का यह इमोशनल नोट पढ़ने के बाद उनके प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं और लगातार कमेंट्स के जरिए उनका हाल पूछ रहे हैं।
इस ब्लॉग के साथ ही अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा, खेल खत्म हो गया है, लेकिन काम अभी भी जारी है। इस रहस्यमयी संदेश ने लोगों के मन में और अधिक कन्फ्यूजन पैदा कर दी है। क्या अभिनेता किसी प्रोजेक्ट के अंत की बात कर रहे हैं या फिर उनके स्वास्थ्य में कोई समस्या है, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन इस समय अपने वर्क कमिटमेंट्स को लेकर काफी व्यस्त हैं। वे जल्द ही मशहूर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सीजन में नजर आने वाले हैं, जिसका प्रीमियर अगस्त में होने वाला है। इसके अलावा, फैंस उन्हें प्रभास की आने वाली फिल्म कल्कि 2898 एडी में अश्वत्थामा के किरदार में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। फिलहाल, हर कोई बस यही उम्मीद कर रहा है कि बिग बी पूरी तरह स्वस्थ और फिट हों।
Author: Shivam Verma
Description










