Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा विभाग को कलंकित कर दिया है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के डोंगाकोहरौद प्राथमिक शाला में तैनात हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक ने क्लासरूम के अंदर मासूम बच्चों की मौजूदगी में अपनी मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब चौथी और पांचवीं कक्षा के छात्र अपनी पढ़ाई में व्यस्त थे। आरोपी शिक्षक ने अचानक अपनी पैंट उतार दी और अश्लील हरकतें करने लगा। इतना ही नहीं, उसने कक्षा में मौजूद छोटी बच्चियों को अपने पास बुलाने की कोशिश की, जिससे छात्राएं बुरी तरह घबरा गईं और फौरन स्कूल से बाहर भाग निकलीं।
घर पहुंचते ही डरे-सहमे बच्चों ने जब अपने परिजनों को इस घिनौनी घटना के बारे में बताया, तो ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। अभिभावकों का एक बड़ा समूह स्कूल पहुंचा और आरोपी शिक्षक को उसी हालत में रंगे हाथों पकड़ा। ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसमें शिक्षक अपनी हरकत छिपाने के लिए हड़बड़ाहट में कपड़े पहनते हुए नजर आ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पामगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भारी हंगामे के बीच आरोपी भुवनेश्वर कौशिक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़ित छात्राओं और परिजनों के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।
वहीं, इस मामले पर जांजगीर-चांपा के कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आरोपी हेडमास्टर को जल्द ही बर्खास्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Author: Shivam Verma
Description











