Baghpat News: बागपत से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के गुराना रोड पर एक युवक की सरेआम बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना का पूरा दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
आधा दर्जन दबंगों ने युवक को घेरकर पीटा
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक मिलकर एक अकेले युवक पर हमला कर रहे हैं। हमलावरों के हाथों में बेल्ट दिखाई दे रही है और वे लगातार युवक पर वार कर रहे हैं। इसके अलावा युवक को थप्पड़ों, लात-घूंसों से भी बेरहमी से पीटा जा रहा है।
वीडियो में युवक खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वह पूरी तरह असहाय दिखाई देता है। सड़क पर खुलेआम हुई इस मारपीट ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग भी मौके पर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। लोग तमाशबीन बने रहे और युवक पर लगातार हमला होता रहा।
करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा मामला
जानकारी के मुताबिक यह मामला करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। बागपत पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











