Barabanki News: आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गणेशपुर, बाराबंकी के तत्वाधान में एसडी कॉलेज बड़ेल, बाराबंकी में बेसिक शिक्षकों के लिए स्मार्ट क्लास से जुड़ा दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण पीएम श्री योजना के अंतर्गत शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदेश में चयनित परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कंपोजिट विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में स्वीकृत स्मार्ट क्लासेस, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी उपयोग, सुरक्षा एवं रख-रखाव को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम के द्वितीय बैच के उद्घाटन अवसर पर डायट प्राचार्य अमित कुमार यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने शिक्षण प्रक्रिया में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और रोचक बनाया जा सकता है।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान नोडल प्रवक्ता लाल चंद ने आईसीटी के माध्यम से चैट जीपीटी एवं गूगल जैमिनि जैसे एआई टूल्स के शैक्षिक उपयोग पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य परियोजना कार्यालय, लखनऊ द्वारा जनपद बाराबंकी में कुल 745 उच्च प्राथमिक विद्यालय, कंपोजिट स्कूल एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के साथ-साथ 13 पीएम श्री विद्यालयों का चयन किया गया है। इन चयनित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए गुरुवार से द्वितीय चरण का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है, जिसमें कुल 108 प्रतिभागी शिक्षक भाग ले रहे हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संदर्भ दाता के रूप में अनूप कुमार, मोहम्मद आसिफ और आशीष वर्मा सहित अन्य विशेषज्ञों की उपस्थिति रही, जिन्होंने शिक्षकों को स्मार्ट क्लास और डिजिटल संसाधनों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी।
संवाददाता: रोहित कुमार
Author: Shivam Verma
Description










