उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना बादलपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में गांजा पकड़ा गया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर तस्करों को भी मौके से धर दबोचा है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान और आसिफ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना थाना क्षेत्र के सांचोली गांव के रहने वाले हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा भरकर उसे गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने जा रहे थे। तस्करी के इस खेल में इरफान ट्रक का ड्राइवर और मालिक है, जबकि आसिफ उसका हेल्पर बनकर इस अवैध धंधे में उसका साथ दे रहा था।
पुलिस और जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोकने के लिए तस्करों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। उन्होंने अपने ट्रक में डीजल टैंक के पास एक गुप्त कैविटी यानी कैबिन बना रखा था, जो देखने में बिल्कुल असली टैंक जैसी लगती थी। इसी छिपे हुए हिस्से में करीब 177 किलो 790 ग्राम गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था, जिसकी बाजार में कुल अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने बिना बॉडी वाले उस संदिग्ध ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है जिसका इस्तेमाल इस तस्करी के लिए किया जा रहा था।
पूछताछ के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है कि गिरफ्तार किए गए दोनों तस्कर पहले भी असम में एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल की हवा खा चुके हैं। उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड यह साबित करता है कि वे अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ओडिशा में उन्हें यह खेप किसने सौंपी थी और गुरुग्राम में इसे किसे डिलीवर किया जाना था।
इस बड़ी सफलता के बाद थाना बादलपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी के पूरे सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने के लिए और भी कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। पकड़े गए दोनों तस्करों को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।










