Hamirpur News: जिले में राजस्व वसूली की धीमी रफ्तार और विभागीय लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में अक्टूबर माह की करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों में लापरवाही और शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए।
बैठक में खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। वसूली और निरीक्षण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने तथा अद्यतन आंकड़ों के बिना बैठक में पहुंचने पर खनन निरीक्षक उमाकांत को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें विभागीय मिलीभगत पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।

हमीरपुर और जालौन की अंतरजनपदीय सीमा पर अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीमांकन स्थलों पर बड़े सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं उपजिलाधिकारियों और खान अधिकारी को खनन पट्टों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा मुख्यमंत्री स्तर या मीडिया के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को ओटीएस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। वाणिज्य कर विभाग को ब्याज माफी योजना का लाभ व्यापारियों तक पहुंचाने और कर चोरी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
भूमि के दाखिल-खारिज और नामांतरण के मामलों में भी डीएम ने सख्ती दिखाई। उन्होंने प्लॉट अथवा पट्टे के रूप में खरीदी गई जमीन की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त होते ही प्रक्रिया शुरू कर निर्धारित 45 दिनों के भीतर दाखिल-खारिज पूरा करने के निर्देश दिए। स्टाम्प चोरी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई और न्यायालयीन वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा।

वहीं आमजन को गुमराह करने और अवैध वसूली की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर एसडीएम सदर अभिषेक कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की चेतावनी भी दी गई।
आबकारी विभाग की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए आबकारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब की दुकानों के निर्धारित समय पर संचालन, ओवररेटिंग पर रोक और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार निगरानी रखने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए नियमित समीक्षा और प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, एसडीएम सरीला विकास यादव, उपायुक्त जीएसटी ज्ञान प्रकाश, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रतीक तिवारी








