Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक राजमिस्त्री और उसका साथी शामिल हैं। यह हादसा गोहन थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 213 के पास ग्राम मड़ोरा-मड़ोरी के बीच सर्विस रोड पर हुआ।
काम से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम करतलापुर निवासी मुन्ना, जो पेशे से राजमिस्त्री थे, अपने साथी कृपाशंकर के साथ बुधवार रात करीब 9 बजे ग्राम औरेखी से काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृपाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार, दोनों मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। साथ ही, परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
पुलिस जांच में जुटी, अज्ञात वाहन की तलाश जारी
सूचना मिलते ही गोहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी सतीश कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश जारी है।
Author: Shivam Verma
Description










