Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » मथुरा » Mathura News: मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत से बवाल; कुचलकर हत्या का आरोप, हाइवे जाम कर विरोध

Mathura News: मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत से बवाल; कुचलकर हत्या का आरोप, हाइवे जाम कर विरोध

Facebook
X
WhatsApp

Mathura News: मथुरा जनपद के कोसीकला क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ी और दुखद घटना सामने आई, जिसने पूरे ब्रज क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। प्रसिद्ध गौरक्षक चंद्रशेखर, जिन्हें लोग “फरसा वाले बाबा” के नाम से जानते थे, की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। स्थानीय लोगों और गौ रक्षक संगठनों ने आरोप लगाया है कि गौ तस्करों ने उन्हें गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

गौ तस्करी की सूचना पर पीछा करते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 4 बजे चंद्रशेखर बाबा को गौ तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वह अपनी बाइक से संदिग्ध वाहन का पीछा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि कोटवन चौकी क्षेत्र के गांव नवीपुर के पास पीछा करने के दौरान एक वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गौ रक्षक संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इस मामले में एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए हैं। पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है।

विरोध प्रदर्शन और हाइवे जाम

घटना की खबर फैलते ही बजरंग दल, शिवसेना और गौ रक्षक दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हाइवे जाम कर दिया।

हाइवे जाम होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब क्षेत्र में ईद का पर्व नजदीक है और ब्रज क्षेत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है।

DM का बयान: हादसा बताया, जांच के निर्देश

इस मामले में जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रातः लगभग चार बजे हरियाणा सीमा के थाना कोसी क्षेत्र में वाहन में गोवंश होने की सूचना पर फरसा वाले बाबा अपने शिष्यों के साथ एक नागालैंड नंबर के कंटेनर को रोककर चेकिंग कर रहे थे। कंटेनर में साबुन, फिनाइल और शैम्पू जैसे सामान भरे हुए थे।

उन्होंने कहा कि घने कोहरे के कारण पीछे से राजस्थान नंबर का एक ट्रक, जिसमें तार भरा हुआ था, आकर टकरा गया। इस दुर्घटना में चंद्रशेखर बाबा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि ट्रक चालक घायल हो गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

डीएम के अनुसार, भ्रामक सूचना के चलते लोगों ने जाम और पथराव की घटना को अंजाम दिया। प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के हर पहलू की जांच की जाएगी और लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल की जाएगी।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें