Barabanki News: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की तैयारियों के तहत बाराबंकी में फील्ड ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। बुधवार को अयोध्या रोड, निकट रसौली स्थित सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के कुल 118 फील्ड ट्रेनरों को दो बैचों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। चार मास्टर ट्रेनर तीन दिनों तक फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी देंगे। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के द्वितीय चरण में होने वाली जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, ऐप आधारित डिजिटल गणना, प्रश्नावली भरने, सूचनाओं के सही संकलन और उनके सत्यापन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण : जिलाधिकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का प्रमाणिक आधार उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण करने के साथ-साथ संसाधनों की बेहतर योजना और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करती है।

जिलाधिकारी ने फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया और उसकी बारीकियों को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर गणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता काफी हद तक फील्ड ट्रेनरों और प्रगणकों की दक्षता पर निर्भर करेगी। ऐसे में प्रशिक्षण के दौरान हासिल की गई जानकारी को पूरी तरह आत्मसात करना जरूरी है, ताकि फील्ड में कार्य करने वाले कार्मिकों को भी प्रक्रिया की स्पष्ट और व्यवहारिक जानकारी दी जा सके। जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में समयबद्धता, शुद्धता, गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने कार्मिकों से गंभीरता से दायित्व निभाने को कहा
मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री पंकज वर्मा ने कहा कि जनगणना का कार्य बड़े स्तर पर किया जाना है। इसलिए सभी संबंधित कार्मिक अपने दायित्वों और कार्यप्रणाली को गंभीरता से समझें और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करें।

अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री निरंकार सिंह ने भी प्रशिक्षण की उपयोगिता और जनगणना कार्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागिता करने का आह्वान किया।
01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक होगी जनसंख्या गणना
सहायक निदेशक जनगणना एवं जिला प्रभारी जनगणना श्री अजय सिंह भारती ने बताया कि जनगणना-2027 के तहत जनपद बाराबंकी में फील्ड स्तर पर जनसंख्या गणना का कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रगणक प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देशों के साथ डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन और फीडिंग की प्रक्रिया की भी जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल, संबंधित अधिकारी, चार मास्टर ट्रेनर, नामित फील्ड ट्रेनर सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।










