मुंबई का प्रतिष्ठित जियो वर्ल्ड सेंटर इस साल एक भव्य और वैश्विक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है. यहां आगामी वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का आधिकारिक तौर पर आयोजन किया जाएगा, जिसमें दुनिया भर से कई नामी हस्तियां हिस्सा लेंगी. यह तीन दिवसीय महासम्मेलन 18 दिसंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगा, जिसकी तैयारियों जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं.
इस मेगा इवेंट में लगभग 60 से अधिक देशों से 4,500 से ज्यादा प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों के शामिल होने की पूरी उम्मीद है. इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान वैश्विक हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर गहन मंथन किया जाएगा. इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के 150 से अधिक दिग्गज वक्ता अपने बहुमूल्य विचार साझा करेंगे और समाज को एक नई दिशा देने पर चर्चा करेंगे.
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर के हिंदू नेताओं, विचारकों, उद्यमियों, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं को एक ही मंच पर लाना है. इस दौरान वैश्विक समुदाय के बीच आपसी संवाद को बढ़ावा देने और अनुभवों को साझा करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा. कार्यक्रम में समाज के प्रति हिंदू समुदाय के ऐतिहासिक योगदान और उसकी वर्तमान भूमिका पर भी विशेष जोर दिया जाएगा.
इस बार के इस महासम्मेलन का विशेष थीम ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ रखा गया है, जो कि अथर्ववेद से लिया गया है. इस थीम के तहत अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला, युवा और प्रमुख हिंदू संगठनों जैसे विषयों पर कुल सात अलग-अलग थीमैटिक और समानांतर कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी.
बता दें कि इस आयोजन से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 के आधिकारिक लोगो और थीम का भव्य अनावरण किया था. इस आयोजन से वैश्विक स्तर पर हिंदू उत्थान के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं और विचारकों के बीच आपसी सहयोग और मजबूत रिश्तों का नया मार्ग प्रशस्त होगा.










