उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक किशोर की दर्दनाक मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस घटना के बाद से ही सूबे का राजनीतिक पारा चढ़ गया है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहा है. कानून व्यवस्था बनाए रखने और मामले की गहराई से तह तक जाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है.
जांच को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में लगभग 20 से 25 संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई थी, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हो गया. इस मामले में समाजवादी पार्टी के नेता साधु यादव को भी पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया है.
बता दें कि बुधवार को गोरखपुर में सपा की ओर से निकाली गई रथ यात्रा के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से आर्यवर्धन सिंह नामक किशोर की मौत हो गई थी. मृतक किशोर भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था. इस दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी और कड़े शब्दों में इसे हत्या करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया था.
इस पूरी घटना के बाद राजनीतिक दलों के बीच तीखा बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए राज्य सरकार पर निशाना साधा है और इसे पुलिस प्रशासन की बौखलाहट करार दिया है. बहरहाल, गोरखपुर पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है.










