Chandauli News: चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रतिष्ठित व्यवसायी ओमप्रकाश रस्तोगी (65 वर्ष) की मृत्यु हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वे मरकंडेय महादेव में जलाभिषेक कर वापस लौट रहे थे। इस खबर के बाद पूरे कस्बे में मातम पसर गया और व्यापारिक समुदाय शोक में डूब गया।
जलाभिषेक कर लौट रहे थे घर
कमालपुर कस्बे के व्यापारी ओमप्रकाश रस्तोगी हर बुधवार को अपने कुछ साथियों के साथ मरकंडेय महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाते थे। इसी क्रम में 26 फरवरी की रात, वे पांचों लोग जलाभिषेक कर घर लौट रहे थे। लेकिन रात करीब 2 बजे, जब उनकी कार बभनियाव गांव के पास पहुंची, तो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया।
हादसा इतना भयावह था कि कार के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और ओमप्रकाश रस्तोगी स्टेयरिंग में फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य चार व्यवसायी – कौशल रस्तोगी (58), गोलू जायसवाल (30), गोलू रस्तोगी (28) और मोनू रस्तोगी (35) – गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पंचनामा के बाद शव सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी रमेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। बाद में ओमप्रकाश रस्तोगी के परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद लिखित सहमति के आधार पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया।
बाजार रहा बंद
व्यापारी ओमप्रकाश रस्तोगी की मृत्यु के साथ-साथ कस्बे के एक अन्य व्यवसायी टुनटुन मिश्रा की आकस्मिक निधन की खबर ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया। एक ही दिन में दो व्यापारियों के निधन के कारण कमालपुर बाजार पूरी तरह से बंद रहा और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, क्षेत्र के सामाजिक संगठनों और व्यापार मंडल ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
कम उम्र में ही व्यवसाय की दुनिया में कदम रखने वाले ओमप्रकाश रस्तोगी एक मृदुभाषी और समाजसेवी व्यक्ति थे। उनकी आकस्मिक मौत से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे व्यापारिक समाज को गहरा आघात पहुंचा है।











