Hapur News: हापुड़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पत्नी की हत्या के आरोपी ने अब अपने साले और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी है। मामला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा का है, जहां मृतका के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हैरानी की बात यह है कि हत्या की गंभीर वारदात के बावजूद मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पत्नी की हत्या के बाद अब साले को धमकी
पीड़ित बसद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन साजिया का निकाह थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के मोहल्ला मीरा की रेती निवासी जीशान उर्फ डॉन के साथ हुआ था। 27 अप्रैल को जीशान ने अपने परिवार के सदस्यों—नफीस, फरमान, इरफान, रेशमा और तसलीम के साथ मिलकर साजिया की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन आज तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वीडियो भेजकर दी जान से मारने की धमकी
बसद का आरोप है कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए जीशान लगातार धमकियां दे रहा है। हाल ही में उसने व्हाट्सएप पर एक वीडियो भेजा, जिसमें वह हाथ में तमंचा लिए दिख रहा है और पीड़ित परिवार को खुलेआम धमकी दे रहा है कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया गया, तो सभी को मौत के घाट उतार दिया जाएगा।
पीड़ित ने बताया कि पूरा परिवार इस समय डरा और सहमा हुआ है। उन्हें अपनी और अपने बच्चों की जान का खतरा सता रहा है, लेकिन आरोपी अब भी कानून से बचा हुआ है, जो पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े करता है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी जीशान उर्फ डॉन के खिलाफ नई रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











