Maharajganj Police: दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट की घटना के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। इसी क्रम में आगामी 25 नवंबर को अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित राम मंदिर ध्वजारोहण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। अयोध्या से लेकर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा तक हाई सिक्योरिटी का घेरा बनाया गया है, जिसमें महराजगंज जनपद अत्यधिक संवेदनशील माना जा रहा है।
भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी व सघन चेकिंग
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने निगरानी बढ़ा दी है। सीमा से होकर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की गहन तलाशी, पूछताछ तथा पहचान पत्रों का मिलान करने के बाद ही भारतीय सीमा में आने की अनुमति दी जा रही है।
वाहनों की चेकिंग को भी सख्त कर दिया गया है। सुरक्षाबल डॉग स्क्वायड, मेटल डिटेक्टर और हाई-टेक स्कैनर मशीनों की मदद से हर संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु की जांच कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की चूक की संभावना को खत्म करने के लिए सभी मुख्य व उपमार्गों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।
सीसीटीवी मॉनिटरिंग 24 घंटे जारी
भारत-नेपाल सीमा पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सुरक्षा एजेंसियां तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार हैं। महराजगंज जनपद के सभी थानों को सतर्क करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हाई अलर्ट को ध्यान में रखते हुए एसपी सोमेंद्र मीना के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने महराजगंज जनपद के प्रमुख स्थानों—रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, मार्केट और मुख्य चौराहों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। यात्रियों और स्थानीय लोगों के पहचान पत्रों की जांच के साथ-साथ वाहनों, दुकानों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की भी गहन तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान तेज किया।
दिल्ली ब्लास्ट की पृष्ठभूमि में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं। राम मंदिर ध्वजारोहण कार्यक्रम के चलते महराजगंज से सटी भारत-नेपाल सीमा पर अतिरिक्त सुरक्षा परत लगा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
Author: Shivam Verma
Description











