Mathura News: मथुरा जनपद के गोवर्धन में शनिवार सुबह देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह और तैयारियां देखने को मिलीं।
दानघाटी मंदिर में विधि-विधान से पूजा
सुबह करीब 8:50 बजे राष्ट्रपति सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ गोवर्धन स्थित प्रसिद्ध दानघाटी मंदिर पहुंचीं। मंदिर में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पूजा-अर्चना के बाद सुबह लगभग 9:10 बजे राष्ट्रपति गोल्फ कार्ट में बैठकर गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा के लिए रवाना हुईं। परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक नृत्य, संगीत और आकर्षक झांकियों के माध्यम से स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई थी।
रास्ते में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया
परिक्रमा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कई बार गोल्फ कार्ट से उतरकर कुछ दूरी तक पैदल भी चलीं। इस दौरान सड़क किनारे खड़े गोवर्धन वासियों की ओर हाथ हिलाकर उन्होंने अभिवादन स्वीकार किया। राष्ट्रपति को अपने बीच देखकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए गोवर्धन नगर को विशेष रूप से सजाया गया था। परिक्रमा मार्ग, मुख्य मंदिरों और बाजारों को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों की झालरों, स्वागत द्वारों और पंडालों से सजाया गया। मंदिरों के आसपास और मुख्य रास्तों पर साफ-सफाई और रोशनी की भी विशेष व्यवस्था की गई।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पूरे परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।
नगर पालिका, प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवी संगठन पिछले कई दिनों से इस दौरे की तैयारियों में जुटे हुए थे। सफाई, सजावट और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया गया। मुख्य बाजार, मंदिर परिसर और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा गार्ड और दिशा सूचक बोर्ड भी लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि राष्ट्रपति का यह दौरा गोवर्धन के लिए गर्व का विषय है। इससे धार्मिक आस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। फिलहाल राष्ट्रपति की परिक्रमा जारी है और प्रशासन पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
Author: Shivam Verma
Description










