New Delhi: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब इंडिगो की एक फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह विमान विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहा था। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के रनवे 28 पर इमरजेंसी घोषित कर विमान को सुरक्षित उतारा गया। शुरुआती जानकारी में लैंडिंग की वजह स्पष्ट नहीं थी, लेकिन बाद में सामने आया कि विमान के इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका थी। इसी संभावित खतरे को देखते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।
बताया जा रहा है कि यह विमान एयरबस A321 था, जिसमें आमतौर पर 200 से 250 तक यात्री यात्रा करते हैं। घटना के समय भी बड़ी संख्या में यात्री विमान में मौजूद थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, इंजन में गड़बड़ी के चलते आग लगने की आशंका भी जताई जा रही थी, जिसके कारण सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत कार्रवाई की गई। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद एयरपोर्ट पर राहत की स्थिति बनी, लेकिन इस घटना से यात्रियों और उनके परिजनों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल जरूर बन गया।
हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी ने यात्रियों की चिंता भी बढ़ाई है। हालांकि, समय रहते उठाए गए कदम और पायलट की सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
Author: Shivam Verma
Description










