Mathura News: मथुरा के वृंदावन स्थित केशीघाट के पास 10 अप्रैल को हुए स्टीमर हादसे के बाद लापता पंकज मल्होत्रा की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान को और तेज करते हुए यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ाकर आगरा सीमा तक कर दिया है, हालांकि अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पार्टून पुल से टकराने के बाद डूबा था स्टीमर
जानकारी के मुताबिक 10 अप्रैल को केशीघाट के पास स्टीमर पार्टून पुल से टकरा गया था, जिसके बाद वह यमुना नदी में डूब गया। हादसे के समय स्टीमर में कुल 38 लोग सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद नाविकों और स्थानीय गोताखोरों ने राहत कार्य शुरू किया और 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 6 लोग लापता बताए गए थे। राहत और बचाव अभियान के दौरान बुधवार तक पांच लापता लोगों के शव बरामद कर लिए गए। अब केवल पंकज मल्होत्रा ही ऐसे व्यक्ति हैं, जिनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
150 सदस्यीय टीम चला रही सर्च अभियान
पंकज मल्होत्रा की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की लगभग 150 सदस्यीय टीम लगातार यमुना में सर्च ऑपरेशन चला रही है। राहत टीमों ने नदी के विभिन्न हिस्सों को सात सेक्टर में बांटकर खोजबीन शुरू की है। इसके साथ ही नदी में कई स्थानों पर जाल भी डाले गए हैं, ताकि बहकर आने वाले किसी भी सुराग का पता लगाया जा सके।
बुधवार देर रात तक टीमें यमुना में तलाश करती रहीं, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार को सर्च ऑपरेशन को और विस्तार देते हुए ब्रह्मघाट से लेकर आगरा के कैलाश घाट के पास मथुरा सीमा में स्थित पुल तक खोजबीन की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जब तक पंकज मल्होत्रा का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत और बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग लापता युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
Author: Shivam Verma
Description










