Sitapur News: जनपद के लहरपुर तहसील क्षेत्र से बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां 11,000 वोल्ट की हाई-वोल्टेज लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट ने एक किसान की साल भर की मेहनत को कुछ ही मिनटों में तबाह कर दिया।
शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लहरपुर तहसील के नयागांव बेहटी निवासी किसान संजय तिवारी के खेत के ऊपर से 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही थी। अचानक लाइन में जोरदार फॉल्ट हुआ, जिससे निकली चिंगारी सीधे खेत में खड़ी सूखी गेहूं की फसल पर जा गिरी। पछुआ हवाओं के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही समय में किसान की पूरी फसल जलकर राख हो गई।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत और स्थानीय संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और पूरी फसल नष्ट हो चुकी थी।
बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली के जर्जर तार लंबे समय से खतरा बने हुए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं।
पीड़ित किसान संजय तिवारी ने बताया कि इस आगजनी में उनकी पूरी मेहनत जलकर खाक हो गई है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने भी चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
रिपोर्ट: अभिषेक मिश्रा











