Barabanki News: जनकल्याण किसान एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष धर्म कुमार यादव का जन्मदिन शुक्रवार को संगठन कार्यालय उमरी में एक अलग और प्रेरणादायक तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर पारंपरिक केक काटने की जगह पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पर्यावरण प्रेमी धर्म कुमार यादव को संगठन के दर्जनों पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक-एक पौधा भेंटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी क्रम में देवा सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने भी तुलसी का पौधा भेंट कर उन्हें बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन धर्म कुमार यादव ने उपहार स्वरूप प्राप्त पौधों की विधिवत पूजा-अर्चना की। हल्दी, अक्षत, रोली, चंदन एवं धूप-दीप अर्पित कर पौधों का सम्मान किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से “आरती पर्यावरण की कीजे, अपना जन्म सुफल कर लीजे” गाते हुए पौधों की आरती उतारी, जिससे कार्यक्रम में एक विशेष आध्यात्मिक वातावरण बन गया।
इसके पश्चात सभी लोगों ने मिलकर राम औतार यादव स्मारक वाटिका, उमरी में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शुभ अवसरों पर पौधरोपण की अपील
इस मौके पर अध्यक्ष धर्म कुमार यादव ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि हम सभी का दायित्व है कि पर्यावरण को सुरक्षित रखें। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाए और इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों के साथ-साथ शादी, मुंडन संस्कार, जन्मदिन और वर्षगांठ जैसे सभी शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसका पालन-पोषण पुत्र की तरह तब तक करना चाहिए, जब तक वह एक मजबूत वृक्ष न बन जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि जनकल्याण किसान एसोसिएशन द्वारा लगातार पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है और यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी अंजनी कुमार, मंडल संयोजक संजय कुमार यादव, मातृशक्ति जिला प्रभारी चांदनी बानों, तहसील उपाध्यक्ष सत्यनाम यादव, ब्लॉक सचिव सूरज कुमार, एडवोकेट रवि यादव, गजेन्द्र सिंह, हिमांशु, अनुज, अभिषेक, संगम यादव, वन्दना यादव, शिवांगी यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी साझा की, जबकि अयोध्या मंडल संयोजक संजय कुमार यादव ने अंगवस्त्र भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी।
Author: Shivam Verma
Description










