Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » हापुड़ » Hapur News: घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, दो मासूमों को जहर मिला दूध पिलाने का आरोप, हालत गंभीर

Hapur News: घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, दो मासूमों को जहर मिला दूध पिलाने का आरोप, हालत गंभीर

Facebook
X
WhatsApp

Hapur News: जनपद के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के रझैटी गांव में घरेलू विवाद के चलते एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच एक महिला पर अपनी जेठानी के दो मासूम बच्चों को कथित रूप से जहर मिला दूध पिलाने का आरोप लगा है। दूध पीने के कुछ ही देर बाद दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों बच्चों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद

जानकारी के अनुसार रझैटी गांव निवासी एक महिला का अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक महिला का तलाक हो चुका है, लेकिन वह अभी भी ससुराल पक्ष के घर में रह रही है। इसी बात को लेकर परिवार में आए दिन तनाव और कहासुनी होती रहती थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह महिला ने अपनी जेठानी के दो बच्चों, जिनकी उम्र करीब 11 वर्ष और 9 वर्ष है, को पीने के लिए दूध दिया। आरोप है कि दूध में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट की गई थी।

दूध पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार दूध पीने के कुछ समय बाद ही दोनों बच्चों को उल्टी, बेचैनी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं होने लगीं। बच्चों की हालत बिगड़ते देख परिवार के लोग उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों बच्चों का उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजनों का आरोप है कि यह घटना लंबे समय से चले आ रहे घरेलू विवाद का परिणाम है। हालांकि अभी तक आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर बहादुरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बच्चों द्वारा पिए गए दूध और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

सीओ स्तुति सिंह ने क्या कहा –  क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह ने बताया कि रझैटी गांव में दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना प्राप्त हुई थी। दोनों बच्चों को उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।

उन्होंने कहा कि परिजनों ने एक महिला पर दूध में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें