MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट पर शुक्रवार को अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर विमान को सुरक्षित उतारा। हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान यात्री ने देर रात दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार इंडिगो का एयरबस 320 विमान शुक्रवार सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर अहमदाबाद से रांची के लिए रवाना हुआ था। विमान को दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर रांची पहुंचना था, लेकिन यात्रा के दौरान एक यात्री की हालत बिगड़ने से विमान को जबलपुर में उतारना पड़ा।
सांस लेने में हुई दिक्कत, मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि रांची निवासी 29 वर्षीय सुदीप कुमार गौनिश विमान में अपनी बहन के साथ सफर कर रहे थे। वह फेफड़ों की बीमारी के इलाज के लिए अहमदाबाद गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। जब विमान जबलपुर के ऊपर पहुंचा, तभी सुदीप को अचानक सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी।
यात्री की हालत बिगड़ती देख सहयात्रियों ने इसकी जानकारी फ्लाइट क्रू को दी और तत्काल इलाज की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने डुमना एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क कर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का निर्णय लिया।
1.01 बजे कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
डुमना एयरपोर्ट पर विमान की दोपहर 1 बजकर 01 मिनट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरते ही एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी की ओर से तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। इसके बाद सुदीप को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालांकि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
करीब 50 मिनट तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहा विमान
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार मरीज को अस्पताल भेजने के बाद विमान करीब 50 मिनट तक डुमना एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फ्लाइट ने बाकी यात्रियों को लेकर रांची के लिए उड़ान भरी।
डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी ने बताया कि यात्री की तबीयत अचानक खराब होने के बाद तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए थे। घटना के बाद मृतक के परिजन सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए हैं।
Author: Shivam Verma
Description










