Barabanki News: आगामी श्री लोधेश्वर महादेव श्रावण मास मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बुधवार को महादेवा मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, निर्माण कार्य, विद्युत आपूर्ति और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
“सेफ्टी फर्स्ट” के सिद्धांत पर हों मेले की सभी तैयारियां: डीएम
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि श्रावण मास मेले की सभी व्यवस्थाएं “सेफ्टी फर्स्ट” की अवधारणा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन कॉरिडोर के लिए लगाई गई सुरक्षा बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। बैरिकेडिंग पर्याप्त मजबूत न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मजबूत और सुरक्षित बैरिकेडिंग तत्काल स्थापित की जाए।
निर्माण मलबा हटाने और गड्ढों की फेंसिंग के निर्देश
मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान निकला मलबा लंबे समय से पड़े रहने पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल मलबा हटाने के साथ-साथ सभी गड्ढों की मजबूत फेंसिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुर्घटना की आशंका पूरी तरह समाप्त की जा सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार और उससे पहले आने वाले रविवार को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मेले के प्रारम्भ होने से दो दिन पूर्व सभी दुकानों और अस्थायी विद्युत कनेक्शनों का अनिवार्य रूप से विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराया जाए तथा सभी कमियों को समय रहते दूर किया जाए।
दुकानदारों को अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा का दिया जाएगा प्रशिक्षण
उन्होंने उपजिलाधिकारी रामनगर और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसपी
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि श्रावण मास मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन रिस्पांस व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण अनुशासन, सतर्कता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन कर सके।
30 जुलाई से शुरू होगा श्रावण मास मेला
उल्लेखनीय है कि श्री लोधेश्वर महादेव श्रावण मास मेला-2026 का आयोजन 30 जुलाई से प्रारम्भ होकर 28 अगस्त 2026 तक होगा। मेले की चार प्रमुख सोमवारी क्रमशः 2-3 अगस्त, 9-10 अगस्त, 16-17 अगस्त तथा 23-24 अगस्त को आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त भादों कजरी तीज (हरतालिका) मेला 13 और 14 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
प्रत्येक सोमवार से एक दिन पूर्व रविवार की शाम से ही दूर-दराज़ क्षेत्रों से श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का आगमन शुरू हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामनगर सुश्री आकांक्षा गुप्ता, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, निवर्तमान विधायक रामनगर शरद अवस्थी, रिसीवर मंदिर, एएमए जिला पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Author: Shivam Verma
Description










