Auraiya News: इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए औरैया जिले के अछल्दा रेलवे क्षेत्र में एक व्यक्ति ने एक बेजुबान जानवर की जान बचाने की कोशिश में अपना एक पैर गंवा दिया। यह दर्दनाक लेकिन प्रेरणादायक घटना दुहल्ला गांव के निवासी फूल सिंह के साथ घटी, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
क्या है पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, फूल सिंह रोज की तरह अपने खेत की रखवाली करने के बाद वापस लौट रहे थे। रास्ते में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर उन्होंने देखा कि एक गाय ट्रैक पर खड़ी है। उन्होंने सोचा कि अगर जल्द ही कोई ट्रेन आ गई तो गाय की जान जा सकती है। ऐसे में उन्होंने इंसानियत दिखाते हुए गाय को ट्रैक से हटाने का प्रयास किया।
जैसे ही वे गाय को हटाने लगे, अचानक तेज रफ्तार से ट्रेन आ गई और फूल सिंह को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनका एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया और कट गया।
खुद किया परिजनों को फोन
दर्द और सदमे के बावजूद फूल सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने पास रखे मोबाइल से तत्काल अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में फूल सिंह की बहादुरी और इंसानियत की खूब सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि आज के समय में जब लोग अपने स्वार्थ में डूबे रहते हैं, ऐसे में फूल सिंह जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने एक बेजुबान जानवर की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की।











